अक्सर लोग अपने घरों में मछलियों की तस्वीर लगाते हैं। मछलियों की तस्वीर घर की सुंदरता तो बढ़ाती ही है, घर के वास्तु के लिये भी अत्यंत शुभकारी है। कहते हैं कि घर में मछलियों की तस्वीर लगाने से आसपास से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसे घर की सही दीवार पर लगाने से जातक को गृह क्लेश से भी मुक्ति मिलती है और जीवन से बुरा वक्त दूर हो सकता है। लेकिन अगर आपने इस शुभ तस्वीर को गलत स्थान या दिशा में लगाया है, तो तस्वीर का विपरीत प्रभाव भी देखने को मिल सकता है।
वास्तुशास्त्र के अनुसार मछलियों की तस्वीर को सही दिशा में लगाने से जातक को घर की आर्थिक समस्याओं से निजात मिल सकती है और धीरे-धीरे धन लाभ के योग बनने लगते हैं। माना जाता है कि वास्तु के सभी नियमों का ख्याल रखकर अगर कोई व्यक्ति मछलियों की तस्वीर लगाता है, तो इससे उसके घर में हमेशा सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इससे परिवार के सदस्यों को जीवन और करियर में तरक्की प्राप्त होती है। साथ ही, भाग्य हमेशा साथ रहता है और घर में सौभाग्य आता है। इस एक तस्वीर को घर में लगाने से परिवार के बीच खुशनुमा माहौल बना रहता है और मानसिक शांति भी अनुभव होती है।
किस दिशा में लगाएं मछली की तस्वीर
माना जाता है कि मछलियों की तस्वीर को घर में सही दिशा में लगाना बहुत महत्वपूर्ण होता है। ऐसा न करने से घर में इसका विपरीत प्रभाव देखने को मिल सकता है। वास्तुशास्त्र के मुताबिक, मछलियों की तस्वीर को हमेशा घर की उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण में लगाना चाहिए। इसके अलावा, आप इसे उत्तर दिशा में भी लगा सकते हैं। मछलियों की तस्वीर के लिए इन दिशाओं को सबसे उत्तम माना गया है। इस दिशा में मछलियों की तस्वीर लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मकता दूर रहती है।
घर में मछलियों की तस्वीर लगाने के नियम
वास्तु शास्त्र के अनुसार, मछलियों की तस्वीर को घर में कभी भी ऐसे स्थान पर नहीं लगाना चाहिए जहां गंदगी रहती हो। ऐसा करने से अशुभ फल प्राप्त हो सकता है। मछलियों की तस्वीर को रसोईघर या बाथरूम या टॉयलेट की पास वाली दीवार पर लगाने की भी मनाही होती है। ऐसा करने से घर में नकारात्मकता आ सकती है। घर में कभी भी मछलियों की ऐसी तस्वीर नहीं लगानी चाहिए, जिसमें मछलियां धुंधली दिखाई दे रही हों या तस्वीर कहीं से टूटी-फूटी हो। इस प्रकार की फोटो लगाना शुभ नहीं माना जाता है। वास्तु के अनुसार, मछलियों की तस्वीर के बैकग्राउंड पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। कभी भी ऐसी पेंटिंग न लगाएं जिसमें पीछे तूफान या जल में ज्यादा उथल-पुथल दिख रही हो।
घर में किस तरह लगाएं मछलियों की तस्वीर
माना जाता है कि घर में मछलियों की तस्वीर इस लगानी चाहिए जिसमें वे चलती हुईं नजर आ रही हों और पीछे का बैकग्राउंड भी सकारात्मक होना चाहिए। वास्तु के अनुसार घर में कोई और सुनहरी मछली की तस्वीर लगाना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से घर में हमेशा संतुलन और प्रेम बना रहता है। आप चाहें तो मछलियों की तस्वीर को अपने सोने के रूम में लगा सकते हैं। ऐसा करने से जातक को पैसों की तंगी से भी छुटकारा मिल सकता है।







