मुंबई। तमिलनाडु की राजनीति में कदम रख चुके टालीबुड अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। दरअसल, पेरंबलुर में उनकी पार्टी टीवीके (तमिलगगा विट्टुथलई काच्ची) का एक सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस दौरान मंच पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला, जब विजय के एक निजी बाउंसर ने कथित तौर पर पार्टी कार्यकर्ता सरथकुमार को धक्का देकर गिरा दिया। बताया जा रहा है कि सरथकुमार कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले रहे थे, तभी यह विवाद हुआ। पीड़ित कार्यकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके साथ धक्का-मुक्की के अलावा मारपीट भी की गई। इस घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थलापति विजय और उनके सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने न केवल राजनीतिक हलचल बढ़ाई है बल्कि सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर बहस छिड़ गई है। विजय के समर्थक इसे एक साजिश बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे उनकी पार्टी की बदमाशी करार दे रहे हैं। यह विवाद आगामी चुनावी माहौल में टीवीके के लिए चुनौती बन सकता है।
संस्कारी विक्की कौशल
बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल न केवल अपनी फिल्मों में दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं बल्कि अपने सादगीपूर्ण स्वभाव और पारिवारिक संस्कारों के लिए भी हमेशा चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस का दिल जीत लिया। दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट पर एक फैन ने उन्हें छत्रपति संभाजी महाराज की मूर्ति गिफ्ट की। जैसे ही विक्की ने देखा कि मूर्ति उनके हाथों में दी जाने वाली है, उन्होंने तुरंत अपने जूते उतार दिए और सम्मानपूर्वक मूर्ति को ग्रहण किया। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए और सभी ने उनके इस संस्कारपूर्ण व्यवहार की खूब सराहना की। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स विक्की की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि विक्की अपने परिवार से मिले मूल्यों को बखूबी निभाते हैं और यही उन्हें भीड़ से अलग बनाता है। उनकी यह विनम्रता और परंपराओं के प्रति आदरभाव उनके असली व्यक्तित्व को दर्शाती है। यह पहला मौका नहीं है जब विक्की ने अपनी शालीनता से लोगों का दिल जीता हो, लेकिन इस बार उनका यह कदम फैंस के लिए और भी खास बन गया।







