मुंबई। फिल्म एक्टर संजय दत्त और प्रभास स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द राजा साब’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म की रिलीज के खास मौके पर संजय दत्त ने अपनी गहरी आस्था का परिचय देते हुए नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। मंदिर दर्शन के दौरान संजय दत्त माथे पर तिलक लगाए और गले में फूलों की मालाएं पहने नजर आए। इस दौरान की उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
संजय दत्त को शांत और आध्यात्मिक अंदाज में देखकर लोग उनकी सादगी और आस्था की सराहना कर रहे हैं। संजय दत्त इससे पहले भी कई बार धार्मिक स्थलों पर दर्शन करते नजर आ चुके हैं। उनका मानना है कि किसी भी बड़े काम की शुरुआत से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना शुभ होता है। फिल्म रिलीज के दिन मंदिर पहुंचना इसी विश्वास को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके इस कदम की तारीफ कर रहे हैं और ‘द राजा साब’ की सफलता के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहीं, ‘द राजा साब’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई थी।







