जयपुर। जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर फतेहपुर के हरसावा गांव के पास एक अनियंत्रित कार ट्रक से टकरा गई जिसमें सवार एक ही परिवार की छह महिलाओं की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान रघुनाथपुरा निवासी मोहिनी देवी (80), उनकी बेटी इंद्रा (60) बहू तुलसी (45) व चंदा देवी (55), संतोष (45) और आशा (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मोहिनी की पोती सोनू, बहू बरखा और कार चालक वसीम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मृतकों के शव भी बड़ी मुश्किल से बाहर निकाले गए। कार में सवार लोग लक्ष्मणगढ़ में एक दाह संस्कार में शामिल होने गये थे और वापस लौटते हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने बताया कि दाह संस्कार में करीब दो दर्जन लोग चार गाडिय़ों में गए थे और वापसी में एक गाड़ी में परिवार की आठ महिलाएं बैठी थीं।







