मुंबई। देश-दुनिया में करोड़ों भक्तों के मार्गदर्शक संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में आम लोगों से लेकर कई बड़े सितारे भी अक्सर पहुंचते रहते हैं। फिल्म एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा, शिल्पा शेट्टी समेत कई सेलिब्रेटीज पहले भी वृंदावन में महाराज से मिलने पहुंच चुके हैं। अब टीवी शो ‘महाभारत’ में युधिष्ठिर का किरदार निभा चुके वरिष्ठ अभिनेता गजेंद्र चौहान भी उनके दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे। महाराज के सामने पहुंचते ही गजेंद्र चौहान ने मुस्कुराते हुए कहा, मैं महाभारत में धर्मराज युधिष्ठिर बना था। इस पर प्रेमानंद महाराज ने भी प्रसन्न होकर कहा कि युधिष्ठिर हम सबके लिए प्रेरणा थे। वे धर्म के अंश से प्रकट हुए थे। पूरा भारत उन्हें प्रिय है, इसलिए उनका किरदार निभाना अपने-आप में बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। इसके बाद गजेंद्र चौहान ने महाराज से कहा कि वे अटल बिहारी वाजपेयी का उनका पसंदीदा संवाद सुनाना चाहते हैं, जिसे श्री वाजपेयी हर मुलाकात में सुनने की इच्छा जताते थे। गजेंद्र के संवाद सुनाने पर प्रेमानंद महाराज बार-बार उनकी प्रशंसा करते हुए बोले, बहुत सुंदर।







