भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा के बजट सत्र के बाद सरकार प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करने की तैयारी में है। अपर मुख्य सचिव (एससीएस) और प्रमुख सचिव (पीएस) स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ एक दर्जन से अधिक जिलों के कलेक्टरों के तबादले किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच इस संबंध में प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है और अंतिम सहमति के बाद कभी भी आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी हो सकती है।
राज्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल की रूपरेखा लगभग तैयार कर ली है। इस फेरबदल में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के कुछ अधिकारियों के साथ कई जिलों के कलेक्टरों की नई पदस्थापना की जा सकती है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच अंतिम दौर की चर्चा के बाद आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आगामी प्रशासनिक फेरबदल में एक दर्जन से अधिक जिलों के कलेक्टर बदले जा सकते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के पालन और जिलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के आधार पर कलेक्टरों की परफॉरमेंस का आकलन किया गया है। जिन जिलों में कामकाज संतोषजनक नहीं पाया गया है या जिन अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें शासन तक पहुंची हैं, वहां बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, पिछले साल अक्टूबर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्ढ्ढक्र) का काम चल रहा था, जिसके चलते कलेक्टरों के तबादलों पर अघोषित रोक लगी हुई थी। अब यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इसलिए सरकार प्रशासनिक जमावट को अंतिम रूप देने में जुट गई है।
इधर 1 जनवरी 2026 से राज्य सरकार ने 71 आईएएस अधिकारियों को वरिष्ठ पदों पर पदोन्नत किया है। पदोन्नति के बाद कई अधिकारियों की नई पदस्थापना भी इसी संभावित फेरबदल में तय हो सकती है। इस बीच मुख्य सचिव अनुराग जैन पांच दिन के अवकाश पर हैं। उनके अवकाश के दौरान अपर मुख्य सचिव, जल संसाधन डॉ. राजेश राजौरा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पारिवारिक कारणों से अवकाश पर गए जैन की अनुपस्थिति में वरिष्ठता के आधार पर यह जिम्मेदारी डॉ. राजौरा को दी गई है।
इन जिलों के कलेक्टर बदले जा सकते हैं
संभावित प्रशासनिक फेरबदल में पदोन्नति या अन्य कारणों से जिन कलेक्टरों के स्थानांतरण की चर्चा है, उनमें प्रमुख नाम इस प्रकार बताए जा रहे हैं-
कौशलेन्द्र विक्रम सिंह – कलेक्टर, भोपाल
प्रियंक मिश्रा – कलेक्टर, धार
रजनी सिंह – कलेक्टर, नरसिंहपुर
सोनिया मीना – कलेक्टर, नर्मदापुरम
सतीश कुमार एस. – कलेक्टर, सतना
सोमेश मिश्रा – कलेक्टर, मंडला
संदीप जीआर – कलेक्टर, सागर
डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा – कलेक्टर, राजगढ़
शिवम वर्मा – कलेक्टर, इंदौर
राघवेंद्र सिंह – कलेक्टर, जबलपुर
नीरज कुमार वशिष्ठ – कलेक्टर, पांढुर्णा
किशोर कुमार कान्याल – कलेक्टर, गुना







