नई दिल्ली। बागेश्वर धाम के प्रमुख और कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने छांगुर बाबा द्वारा कथित धर्मांतरण के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छांगुर बाबा ने धर्म की आड़ में कई महिलाओं का शोषण किया, गंदे कृत्यों को अंजाम दिया और हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराया। धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान में हिंदू समुदाय को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत में अभी बाबा वाद बहुत चल रहा है। हमें बाबाओं से दिक्कत नहीं है, आप से दिक्कत है।
धीरेंद्र शास्त्री ने लोगों से अपील की कि किसी गलत व्यक्ति के चक्कर में न पड़ें। गलत परंपरा, गलत संस्कृति, गलत विचारधारा और गंदी मानसिकता वाले व्यक्ति के संरक्षण में जाने से वह आपको भी भ्रष्ट कर देगा। इसका सबसे बड़ा नुकसान हिंदू धर्म को होगा। शास्त्री ने कहा कि हमने पहले भी कहा है कि सब कुछ टूटे पर किसी का भरोसा न टूटे। हम ये कहेंगे कि तुम बाबाओं के चक्कर में मत पड़ो, बल्कि बालाजी के चक्कर में पड़ो। उन्होंने साफ कहा कि हिंदू धर्म की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होने और सही मार्ग पर चलने की जरूरत है।
बता दें हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस ने छांगुर बाबा के कारनामों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छांगुर बाबा को धर्मांतरण और महिलाओं के शोषण के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। पुलिस को जांच में पता चला कि छांगुर बाबा एक संगठित नेटवर्क के जरिए धर्मांतरण का धंधा चला रहा था। उसने जाति के आधार पर धर्मांतरण के लिए अलग-अलग रकम तय की हुई थी। पुलिस ने छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और अवैध धर्मांतरण जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज है।







