मुंबई। साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की नई फिल्म ‘किंगडम’, जिसे हिंदी में ‘साम्राज्य’ नाम से भी रिलीज़ किया गया है, विवादों में घिर गई है। यह फिल्म हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है लेकिन बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। इसी बीच तमिलनाडु में कुछ सामाजिक संगठनों ने फिल्म के कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई है और इसे राज्य में बैन करने की मांग की है। आरोप है कि फिल्म में कुछ धार्मिक और जातीय संदर्भ ऐसे हैं जो समुदायों की भावनाएं आहत कर सकते हैं। संगठन का कहना है कि फिल्म के कुछ संवाद और किरदार सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाडऩे वाले हैं। हालांकि फिल्म निर्माताओं ने इन आरोपों को निराधार बताया है और कहा कि फिल्म की कहानी पूरी तरह काल्पनिक है और किसी भी धर्म या जाति को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं है। इस विवाद के कारण फिल्म की स्क्रीनिंग कुछ शहरों में रद्द भी की गई है। अब देखना होगा कि सेंसर बोर्ड या राज्य सरकार क्या निर्णय लेती है।
‘सैयारा’ की पीआर टीम पर भडक़े वरुण बडोला
फिल्म ‘सैयारा’ को लेकर अभिनेता वरुण बडोला इन दिनों काफी चर्चा में हैं, लेकिन वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि इसकी पीआर टीम है। वरुण ने हाल ही में सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की कि उनकी फिल्म की पीआर टीम उन्हें नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म में अहम भूमिका निभाने के बावजूद, उन्हें प्रमोशन के किसी भी हिस्से में शामिल नहीं किया गया। वरुण ने एक पोस्ट में लिखा, क्या मजाक है ये? एक फिल्म का हिस्सा हूं, लेकिन लगता है जैसे मुझसे कोई लेना-देना नहीं। प्रमोशन में मुझे पूरी तरह से इग्नोर कर दिया गया। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों ने पीआर टीम की आलोचना शुरू कर दी। वरुण बडोला लंबे समय से टीवी और फिल्मों में सक्रिय हैं और अपने मजबूत अभिनय के लिए जाने जाते हैं। ‘सैयारा’ में उनके अभिनय की सराहना हो रही है, लेकिन पीआर टीम की अनदेखी से वह निराश नजर आए। यह मामला अब इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बन चुका है।







