नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बाबा खडक़ सिंह मार्ग पर संसद सदस्यों के लिए नवनिर्मित 184 टाइप-7 बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आज मुझे संसद में अपने सहयोगियों के लिए आवासीय परिसर का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। चार टावरों के नाम हैं- कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली, जो भारत की चार महान नदियां हैं, लेकिन कुछ लोगों को टावर का नाम कोसी रखने में असहजता महसूस होगी। वे इसे नदी के रूप में नहीं, बल्कि बिहार चुनाव के चश्मे से देखेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, किरेन रीजिजू समेत तमाम मंत्री और सांसद मौजूद थे।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में राज्य में मतदाता सूचियों को लेकर विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चल रहा है। विपक्ष चुनाव आयोग की इस कवायद का विरोध कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग सरकार की शह पर जानबूझ कर वोटर लिस्ट से लोगों के नाम काट रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार का कोई लेना-देना नहीं, यह पूरी तरह से चुनाव आयोग की कवायद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंदूर का पौधा भी लगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे सांसदों को नए आवासों में कोई समस्या नहीं होगी और वे अपने काम पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पाएंगे। इन बहुमंजिला इमारतों में 180 से अधिक सांसद एक साथ रह सकेंगे। पर्याप्त संख्या में सांसद आवासों के अभाव में सरकारी खर्च बहुत अधिक था। सांसद आवासों की कमी के बावजूद, 2014 तक कोई नया आवास नहीं बनाया गया। हमने इस काम को एक अभियान के रूप में लिया। 2014 से अब तक लगभग 350 सांसद आवास बनाए जा चुके हैं। स्वच्छता इस इमारत की पहचान बने, ये हम सबका वादा होना चाहिए।







