भोपाल। मप्र विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने मध्य प्रदेश के घरों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने वाली सउदी अरब की अल्फानार इण्डिया कम्पनी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये खतरा बताते हुये इस कंपनी की कार्यप्रणाली गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अल्फानार कंपनी की जांच करने और ठेका निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चूंकि कम्पनी के आला अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी पाकिस्तानी मूल के हं इसलिए ठेके के बहाने नागरिकों का डाटा एकत्र कर उसका दुरूपयोग होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने पूछा है कि क्या प्रदेश सरकार इस बात से आश्वस्त है कि कम्पनी को ठेका देना देशहित में है, इसमें कोई पाकिस्तानी कनेक्शन तो नहीं है और यहां के नागरिकों का डाटा विदेशों में नही भेजा जायेगा। क्या ठेका देने के पहले मुख्यमंत्री को विश्वास में लिया गया था। यदि ऐसा है तो सरकार को यह सब बातें श्वेत पत्र के माध्यम से प्रदेश की जनता तक पहुंचाना चाहिए।
राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा
अजय सिंह ने कहा कि शक इसलिए भी और गहरा हो गया है क्योंकि अल्फानार कम्पनी ने सरकारी बोली से चार हजार करोड़ रुपये कम में ठेका कैसे ओैर क्यों लिया? सरकारी बोली 15 करोड़ 70 लाख 26 हजार रुपये की थी। जबकि कम्पनी ने 11 करोड़ 63 लाख 40 हजार में ही ठेका ले लिया। इतना बड़ा अंतर केवल सिस्टम में प्रवेश पाने लिए समझबूझ कर किया गया प्रतीत होता है। अल्फानार ने यह काम यूएई की एस्यासाफ्ट टेकनोलोजी कम्पनी को दे दिया है। इसमें भी पाकिस्तानी अधिकारी पदस्थ हैं। इनकी पहुंच हमारे उपभोक्ताओं के डाटा तक होना क्या राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम नहीं है? स्मार्ट मीटर की सामग्री चीन से आयात हो रही है। केवल असेम्बलिंग भारत में हो रही है।
कंपनी के अधिकारियों की जांच हो
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने ठेके के बोली मूल्यांकन में शामिल सभी अधिकारियों की सम्पतियों और परिसम्पतियों की ईओडब्ल्यू से जांच की मांग की है । इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अल्फानार और एस्यासाफ्ट के सभी परिचालन केन्द्रों का राष्ट्रीय सुरक्षा ऑडिट भी कराया जाए। इसके अलावा घटिया मीटर की आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए। पूरा मामला देश की आंतरिक सुरक्षा पर सीधा असर डालता है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद से तो हमें विशेष रूप से सतर्क रहना चाहिए।







