बीजिंग। चीन के उत्तर-पश्चिमी हिस्से गांसू प्रांत में शनिवार तडक़े आए भूकंप से धरती जोर से हिल गई। चीन भूकंप नेटवक्र्स सेंटर (सीईएनसी) के अनुसार सुबह 5 बजकर 49 मिनट पर डिंगशी शहर के लॉन्गशी काउंटी में लोगों ने भूकंप के झटके अनुभव किये। रिक्टर के पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई में था। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।
चीन के स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स अनुसार उत्तर-पश्चिमी हिस्से गांसू प्रांत में शनिवार तडक़े भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोग नींद से जाग उठे और घबराकर घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान लोग डरे-सहमे दिखाई दिए। भूकंप के कारण अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
गांसू और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप इतिहास
जानकारी अनुसार गांसू और तिब्बत-युन्नान क्षेत्र चीन के उन इलाकों में शामिल हैं, जहां भूकंप का खतरा सबसे अधिक रहता है। जनवरी 2025 में तिब्बत के दक्षिणी हिस्से में 6.8–7.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 126 लोगों की मौत और 188 घायल हुए थे। दिसंबर 2023 में गांसू प्रांत के जिशिशान इलाके में 5.9–6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसने गांसू और किंगहाई दोनों प्रांतों में 100 से अधिक लोगों की जान ली और सैकड़ों को घायल किया। इसी तरह से जून 2025 में युन्नान प्रांत के दाली क्षेत्र में भी मध्यम तीव्रता का भूकंप आया था, हालांकि उसमें बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
सोनिपत में भूकंप के झटके
भारत के हरियाणा राज्य के सोनीपत में भी बीती रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 1 बजकर 47 मिनट पर धरती हिली तो लोग नींद से जाग गए और घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि थोड़ी देर बाद हालात सामान्य हो गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई है। भूकंप का केंद्र सोनीपत ही बताया गया है।







