तेहरान। ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और हिंसा के बीच अमेरिका ने ईरान पर हमले के संकेत दिये हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए अपने नागरिकों को तुरंत ईरान छोडऩे की चेतावनी दी है। ये चेतावनी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस एक्शन के बाद आया है, जिसमें ट्रंप ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया है।
उल्लेखनीय ईरान के सर्वोच्य नेता अली खामेनेई को सत्ता से बेदखल करने और इस्लामी शासन के खिलाफ ईरान में विरोध प्रदर्शन पिछले 16 दिन से जारी है। वहीं आंदोलन को कुचलने में भी खामेनेई सरकार जुटी हुई है। हिंसा में अब तक 544 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 8 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 10,681 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ईरान की राजधानी तेहरान में एक हॉस्पिटल के बाहर लोगों की लाशों का ढेर पड़ा हुआ है। इस ढेर में कुछ लोग अपने परिवार वालों के लाशों की तलाश कर रहे हैं।
अब डोनाल्ड ट्रंप ईरान को लेकर करीब-करीब युद्ध की तैयारी में आते नजर आ रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोमवार, 12 जनवरी 2026 को एक आपातकालीन सुरक्षा अलर्ट जारी कर सभी अमेरिकी नागरिकों को तुरंत ईरान छोडऩे का निर्देश दिया है। यह कदम ईरान में पिछले दो हफ्तों से जारी भीषण विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों की घातक कार्रवाई के बाद उठाया गया है, जिसमें अब तक 500 से ज्यादा लोगों की मौत और हजारों की गिरफ्तारी की खबरें हैं।
अमेरिकी सरकार ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी नागरिकों, विशेष रूप से दोहरी नागरिकता रखने वालों को वहां मनमानी गिरफ्तारी, पूछताछ और प्रताडऩा का गंभीर खतरा है। ईरान की सरकार ने पूरे देश में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिया है, जिससे संचार पूरी तरह ठप हो गया है। कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन्स ने 16 जनवरी तक अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं, जिसके चलते अमेरिका ने अपने नागरिकों को अगर मुमकिन हो तो आर्मेनिया या तुर्किये के रास्ते सडक़ मार्ग से निकलने की सलाह दी है।
युद्ध जैसी स्थिति और अमेरिकी विकल्प
ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों के दमन के खिलाफ सैन्य हस्तक्षेप के विकल्प को खारिज नहीं किया है। व्हाइट हाउस ने संकेत दिया है कि अगर ईरान ने ‘रेड लाइन’ पार की, तो अमेरिका सख्त सैन्य कार्रवाई कर सकता है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे प्रदर्शनों से दूर रहें, अपने पास पर्याप्त भोजन और पानी का स्टॉक रखें और सुरक्षा के लिए किसी सुरक्षित स्थान पर शरण लें।







