मुंबई। थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायगन’ को लेकर चल रहा सेंसर विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। मद्रास हाई कोर्ट ने इस मामले में अहम फैसला सुनाते हुए फिल्म को यूए सर्टिफिकेट देने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज से जुड़ी सभी अड़चनें दूर हो गई हैं और मेकर्स को बड़ी राहत मिली है।
दरअसल, ‘जना नायगन’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) से समय पर सर्टिफिकेट न मिलने के कारण इसकी रिलीज टालनी पड़ी। लंबे इंतजार और अनिश्चितता के बाद फिल्म के निर्माताओं ने मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया। अदालत में हुई सुनवाई के दौरान फिल्म से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार किया गया। हाई कोर्ट ने मामले में फैसला सुनाते हुए फिल्म को यूए कैटेगरी में रिलीज करने की अनुमति दे दी। कोर्ट के इस आदेश के बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इस फैसले से न सिर्फ फिल्म निर्माता बल्कि थलापति विजय के करोड़ों फैंस ने भी राहत की सांस ली है, जो लंबे समय से फिल्म के रिलीज का इंतजार कर रहे थे। ‘जना नायगन’ को विजय के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में गिना जा रहा है।







