नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान बुधवार को संसद परिसर उस समय राजनीतिक अखाड़ा बन गया, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। यह पूरा घटनाक्रम कैमरों में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी हलकों में हलचल मच गई।
यह वाक्या उस समय हुआ, जब कांग्रेस सांसद निलंबित सदस्यों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे और राहुल गांधी उनके साथ खड़े नजर आए। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर इशारा करते हुए कहा-ये रहा गद्दार, इसका चेहरा देखो। यहीं नहीं, राहुल गांधी ने हाथ मिलाने की कोशिश करते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त- चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।
राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर रवनीत सिंह बिट्टू भडक़ गये और उन्होंने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए पलटवार किया और कहा, देश के दुश्मन।” इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही, जिससे संसद परिसर का माहौल और गरमा गया। बता दें कि रवनीत सिंह बिट्टू कभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस छोडक़र भाजपा का दामन थाम लिया था। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी को पुराने रिश्तों और दल-बदल की राजनीति से जोडक़र देखा जा रहा है। इस घटना के बाद भाजपा ने राहुल गांधी की भाषा और आचरण पर सवाल उठाए हैं। जबकि कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बयानबाजी और उकसावे का हिस्सा बताया है।







