नई दिल्ली। दिल्ली में स्कूलों को धमकी मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। एक बार फिर से दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक की टीम स्कूलों में पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। इस दौरान स्कूल प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत स्कूलों को खाली करवा दिया है और अभिभावकों को सूचना दे दी। कई स्कूलों में बच्चों को बसों और वाहनों से सुरक्षित घर भेजा गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस की टीमें और बम निरोधक दस्ता स्कूलों के साथ आसपास के इलाकों की भी तलाशी ली। बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई स्कूलों को एहतियात के तौर पर खाली करवाया गया। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी के सोर्स का पता लगाने की कोशिश कर रही है। खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।







