आम सहमति से होगा कार्यकर्ताओं का चयन
भोपाल। मप्र में भाजपा जिला कार्यकारिणी के गठन की कवायद शुरू हो गई है। जिसको लेकर नेताओं ने लॉबिंग शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि जिलों की कार्यकारिणी में अधिकांश नए चेहरों को जगह दी जाएगी। पार्टी की कोशिश है कि आम सहमति से कार्यकर्ताओं का चयन किया जाए। इसके लिए दो-दो पदाधिकारियों को जिलों में भेजा जायेगा। इस संदर्भ में चर्चा के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल में प्रदेश व संभाग प्रभारियों बैठक हुई। बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संबोधित किया।
बता दें कि भाजपा जिलाध्यक्षों के पांच माह पहले ही चुनाव संपन्न करा दिए गए, लेकिन अब तक जिला कार्यकारिणी का गठन नहीं किया जा सका है। ऐसे में अब प्रदेश व संभाग के दो-दो पदाधिकारी जिलों में भेजकर जिला कार्यकारिणी का गठन कराया जाएगा। ये वरिष्ठ पदाधिकारी जिला कार्यकारिणी गठन के लिए कार्यकर्ताओं का चयन कराएंगे। बैठक में श्री खंडेलवाल ने कहा कि जिला कार्यकारिणी का गठन जल्द से जल्द पूरा करें। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिला कार्यकारिणी गठन के लिए दो-दो पदाधिकारी जिलों में जाकर कार्यकारिणी गठन के लिए आम सहमति बनाएंगे, जिससे निर्विरोध कार्यकारिणी का गठन किया जा सके। कार्यकारिणी में एक प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी होगा और एक अन्य पदाधिकारी संभाग का होगा। इन दो पदाधिकारियों को दो जिलों की कमान सौंपी जाएगी।







