चेन्नई। साउथ इंडिया के जाने माने फिल्म निर्देशक 80 वर्षीय भरतिराजा को शनिवार को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें हाल ही में सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर है, लेकिन मानसिक रूप से वह अभी भी बेटे के निधन के गम से उबर नहीं पाए हैं। मार्च 2025 में उनके इकलौते बेटे और निर्देशक मनोज भरतिराजा का दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया था। इस घटना के बाद भरतिराजा गहरे सदमे में चले गए थे। कुछ समय के लिए वह अपनी बेटी के पास मलेशिया भी गए थे, लेकिन बाद में चेन्नई लौट आए। भरतिराजा साउथ सिनेमा के सबसे सम्मानित निर्देशकों में से एक हैं। उन्होंने 16 वयथिनिले जैसी यादगार फिल्म बनाई और कई कलाकारों को इंडस्ट्री में पहचान दिलाई। उन्होंने रजनीकांत, कमल हासन और श्रीदेवी जैसे सितारों के साथ काम किया। 2004 में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया।







