बेंगलुरु। बेंगलुरु के राजाजी नगर इंडस्ट्रियल एरिया में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पत्नी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में इस जघन्य हत्याकांड के पीछे वैवाहिक विवाद और संदेह को मुख्य कारण माना जा रहा है।
मृतका की पहचान &9 वर्षीय भुवनेश्वरी के रूप में हुई है, जो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरननगर शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। आरोपी पति बालामुरुगन, जो एक निजी आईटी कंपनी में कार्यरत था, मूल रूप से तमिलनाडु के सेलम जिले का निवासी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6.0 बजे जब भुवनेश्वरी दफ्तर से घर लौट रही थीं, तब बालामुरुगन ने मुख्य सडक़ पर उन पर बेहद करीब से चार गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां उनके सिर में और दो बाएं हाथ में लगीं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बालामुरुगन और भुवनेश्वरी का विवाह साल 2011 में हुआ था और काफी समय तक उनका वैवाहिक जीवन सामान्य रहा। हालांकि, पिछले डेढ़ साल से उनके बीच अनबन शुरू हो गई थी। बालामुरुगन को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद इतना बढ़ गया कि भुवनेश्वरी ने तलाक लेने का निर्णय लिया और करीब 18 महीने पहले वह पति से अलग रहने लगीं। लगभग छह महीने पहले अपना तबादला होने के बाद, वह बालामुरुगन को बिना बताए अपने ब‘चों के साथ एक नए किराए के मकान में शिफ्ट हो गई थीं।
बताते हैं कि पत्नी से अलग होने और उसके ठिकाने का पता चलने के बाद बालामुरुगन के व्यवहार में बदलाव आ गया। उसने अपनी आईटी की नौकरी छोड़ दी और पत्नी पर नजर रखने के लिए उसी के इलाके के पास रहने लगा। तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया जब करीब एक सप्ताह पहले बालामुरुगन को भुवनेश्वरी की ओर से तलाक का कानूनी नोटिस मिला। इस नोटिस ने उसे आक्रोशित कर दिया। मंगलवार को जब उसने भुवनेश्वरी को सडक़ पर अकेले देखा, तो उसने घात लगाकर हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी ने पिस्तौल के साथ थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के स्रोत की जांच की जा रही है।







