नई दिल्ली। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक सार्वजानिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों से अपने ऑफिस के कंप्यूटर और लैपटॉप पर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल बंद करने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने समझाया है कि हालांकि, किसी वर्क डिवाइस पर पर्सनल चैट और दफ्तर की फाइलों को एक्सेस करना सुविधाजनक है, लेकिन ऐसा करने से आपकी पर्सनल जानकारी लीक हो सकती है।
एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करने से एडमिन और आईटी टीमों को निजी बातचीत और पर्सनल फाइल्स का एक्सेस मिल सकता है। यह स्क्रीन-मॉनिटरिंग सॉफ़्टवेयर, मैलवेयर या ब्राउजर हाईजैक सहित विभिन्न मीडियम से हो सकता है। यह चेतावनी वर्कप्लेस (ऑफिस) पर बढ़ती साइबर सुरक्षा चिंताओं के बीच आई है, क्योंकि केंद्र सरकार की सूचना सुरक्षा जागरूकता (आईएसईए) टीम ने कॉर्पोरेट डिवाइसेज पर मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल से जुड़े जोखिमों को हाइलाइट किया है।
आईएसईए के मुताबिक, अब कई संस्थान व्हाट्सएप वेब को एक संभावित सिक्यॉरिटी रिस्क मानते हैं। एक ऐसा माध्यम जिसके जरिए मैलवेयर और फिशिंग अटैक पूरे नेटवर्क को खतरे में डाल सकते हैं। इसके अलावा, एडवाइजरी में कहा गया है कि ऑफिस वाई-फाई का इस्तेमाल करने पर कंपनियों को कर्मचारियों के निजी फोन का एक्सेस भी एक कुछ हद तक का एक्सेस मिल सकता है, जिससे निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है। एडवाइजरी में ऑफिस डिवाइस पर व्हाट्सएप इस्तेमाल करने के खतरों के बारे में भी चेतावनी दी गई है- जैसे, अगर लैपटॉप हैक हो जाए तो डेटा लीक होने की संभावना और असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क पर डेटा इंटरसेप्ट (अवरोधन) होने का खतरा।







