मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से शुरू होगा
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के 28 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र में अब विधायक विधानसभा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे। विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी मंत्रियों और विधायकों को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें विधायकों के विधानसभा परिसर में नारेबाजी एवं प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है।
विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष के स्थायी आदेश 94(2) का हवाला देकर बीते 10 जुलाई को सभी विधायकों को एक परिपत्र भेजा है। परिपत्र में विधानसभा सचिवालय की ओर से विधायकों की सुरक्षा का हवाला देते हुए व्यवस्था में सहयोग करने की अपेक्षा की गई है। परिपत्र में कहा गया है कि विधानसभा परिसर और दर्शक दीर्घा में प्रवेश पत्र सीमित संख्या में जारी किए जाएंगे। विधायकों से अनुरोध किया गया है कि अपने एक निज सहायक और वाहन चालक का नाम, वाहन नंबर के साथ प्रवेश पत्र कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
दर्शक दीर्घा में दो लोगों को प्रवेश
विधानसभा प्रमुख सचिव एपी सिंह के अनुसार मानसून सत्र के लिए विधायकों की अनुशंसा पर दर्शक दीर्घा में सीमित व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाएगा। विधानसभा परिसर में प्रवेश के लिए दो व्यक्तियों को ही परिसर में प्रवेश पत्र दिया जाएगा। दर्शक दीर्घा में एक घंटे के लिए प्रवेश की अनुमति होगी। विधायकों की सुविधा अनुसार अलग-अलग घंटों में दर्शक दीर्घा में प्रवेश मिलेगा।
परिपत्र में यह भी कहा गया
परिपत्र में विधायकों से आग्रह किया गया है कि सत्र के दौरान विधानसभा भवन में किसी गैर या बिना प्रवेश पत्र धारी व्यक्ति को अपने साथ वाहन में बिठाकर या पैदल विधानसभा परिसर और सदन की लॉबी में प्रवेश न कराएं। सभी मंत्रियों और विधायकों की ड्यूटी में तैनात अंगरक्षकों के साथ ही बड़े हथियार धारी अंगरक्षकों का सत्रावधि में प्रवेश वर्जित रहेगा।







