भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में एक बार फिर अधिकारियों के तबादलों पर मंथन शुरू हेा गया है। राज्य शासन ऐसे पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना की तैयारी कर रही है, जो हाल ही में पदोन्नति हुए हैं। इनमें आधा दर्जन से अधिक जिलों के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों को बदलने की तैयारी है।
राज्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार शहडोल रेंज में आईजी की पदस्थापना की जाएगी। मैदानी पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची 26 जनवरी के बाद और अगले महीने विधानसभा सत्र से पहले आने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी आधा दर्जन करीब वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना कभी भ्ीा हो सकती है। राज्य शासन ने 1 जनवरी से भारतीय पुलिस सेवा की अलग-अलग बैच के करीब तीन दर्जन से ज्यादा अधिकारियों को पदोन्नति दी है। मैदानी अधिकारियों में सबसे बड़ा नाम जबलपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा हैं, जिन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के लिए पदोन्नति मिली है। वर्मा को पदोन्नति के बाद पुलिस मुख्यालय में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। साथ ही शहडोल रेंज को नया पुलिस महानिरीक्षक मिल सकता है।
ये अधिकारी बदलेंगे
राज्य शासन ने 2011 बैच के पुलिस अधिकारियों को उपमहानिरीक्षक पदोन्नत किया है। इनमें खंडवा पुलिस अधीक्षक मनोज राय, एसपी रेल भोपाल राहुल लोढ़ा, एसपी रेल जबलपुर सुश्री सिमाला प्रसाद, भिंड पुलिस अधीक्षक असित यादव, धार पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, झाबुआ पुलिस अधीक्षक शिवदयाल, रीवा पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान के नाम शामिल हैं। इनमें से कुछ अधिकारी जल्द ही जिलों से हटेंगे। जबकि कुछ अगले कुछ महीनों तक पुलिस अधीक्षक बने रहेंगे।







