मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस एवं मथुरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को खास अंदाज में मनाया। इस दौरान उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वह यशोदा मां के रूप में दिख रही हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और उनके फैंस इसे पसंद कर रहे हैं। वीडियो के साथ वह श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा और प्रेम को साझा करते हुए सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दे रही हैं।
हेमा मालिनी का लुक बेहद आकर्षक और पारंपरिक नजर आ रहा है। उन्होंने बेबी पिंक रंग का लहंगा-चोली पहनी है और इसके साथ रानी रंग का दुपट्टा भी है। माथे पर टीका, गले में फूलों और मोतियों की माला और कानों में झुमके उनके यशोदा मां के रूप को और निखार रहे हैं। उनका ये पारंपरिक अंदाज देख फैंस कमेंट कर रहे हैं कि आप सच में यशोदा मां का साक्षात रूप लग रही हैं।
इस वीडियो की शुरुआत में हेमा मालिनी राधे-राधे…जय श्रीकृष्णा…कहती हैं और आगे ‘वसुदेव सुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकी परमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्’ मंत्र का उच्चारण करती है। इस मंत्र का अर्थ है- मैं वासुदेव के पुत्र, कंस और चाणूर का वध करने वाले, देवकी के आनंद, और जगत के गुरु, कृष्ण को प्रणाम करती हूं। इसके बाद उन्होंने कहा कि आप सभी ब्रजवासियों को कृष्ण के जन्मोत्सव की बधाई और अनंत शुभकामनाएं। हेमा मालिनी ने लोगों से आग्रह किया कि अपने मन मंदिर में श्रीकृष्ण के प्रति दिव्य प्रेम, श्रद्धा और समर्पण कर दीप जलाएं और भक्ति में लीन हो जाएं…जय श्रीकृष्णा…हैप्पी जन्माष्टमी।







