पॉलिटिक्स मिरर
भोपाल। मप्र भाजपा द्वारा अगले दो महीने तक प्रदेश के हर जिले और मंडल में वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। इसे लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने हर जिले में चार-चार नेताओं की एक कमेटी का गठन कर दिया है। इस अभियान को लेकर जिलों में भी बैठकों का दौर शुरू हो चुका है।
हाल ही में भाजपा मुख्यालय में इस अभियान के संदर्भ में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, अभियान के प्रदेश संयोजक एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद बंशीलाल गुर्जर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक मनीषा सिंह सहित जिला स्तरीय टोली के सदस्य शामिल हुये। इस दौरान नेताओं ने कहा कि जी रामजी जनजागरण अभियान गांवों के पारदर्शी विकास की व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इन समितियों में संगठन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सभी जिला समिति सदस्य भी प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में शामिल होंगे और अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और कार्ययोजना को लेकर दिशा- निर्देश प्राप्त करेंगे।
मंडी समितियों, ग्रामीण इलाकों पर पार्टी का फोकस
देश स्तरीय कार्यशाला के बाद अभियान को मंडल स्तर तक विस्तार दिया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक जिले में भी इसी तर्ज पर सम्मेलन और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जहां स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप जनजागरण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। जिला स्तर पर होने वाले सम्मेलनों में आमजन को अभियान से जोडऩे, संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही मंडल स्तर पर सम्मेलन किए जाएंगे। वहीं मंडी समितियों और ग्रामीण क्षेत्रों में जी रामजी को लेकर ज्यादा पार्टी का ज्यादा फोकस रहेगा। जिसमें यह बताया जाएगा कि विकसित भारत 2047 में ग्रामीण को जोडऩे में जी रामजी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







