यूं किसी महिला का गर्भवती होना एक सामान्य बात है। लेकिन तब क्या होगा जब आप किसी रोबोट को प्रेग्नेंट होते हुये देखेंगे। निश्चित रूप से यह चौंकाने वाला होगा। हैरानी तब और ज्यादा होगी, जब ये रोबोट्स कोई रोबोट पैदा न करके, इंसान के बच्चे को जन्म देंगे। सुनने में भले ये किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की तरह लगे, लेकिन चीन अगले एक साल के भीतर ऐसी तकनीक विकसित करने वाला है।
चीनी वेबसाइट ईसीएनएस डॉट सीएन की एक रिपोर्ट बताती है कि चीन की एक टेक्नोलॉजी कंपनी काइवा दुनिया का पहला ऐसा रोबोट बना रही है, जो प्रेग्नेंसी का सिमुलेशन कर सकता है। इंसान की तरह ही प्रेग्नेंट हो सकता है। यह रोबोट अगले एक साल में लॉन्च होने की उम्मीद है और इसकी कीमत 1 लाख युआन (लगभग 13,900 डॉलर) 12 लाख भारतीय रुपये के आसपास होगी।
आईवीएफ और सरोगेसी से अलग तकनीक
काइवा टेक्नोलॉजी द्वारा बनाया जा रहा यह रोबोट पारंपरिक आईवीएफ या सरोगेसी से अलग है। इसमें एक खास तरह का इन्क्यूबेशन पॉड और रोबोटिक पेट होगा, जो ठीक वैसा ही माहौल या वातावरण देगा जैसा महिला के गर्भ में होता है। यह रोबोट गर्भधारण से लेकर बच्चे के जन्म तक की पूरी प्रक्रिया को दोहराने की कोशिश करेगा। कंपनी का कहना है कि यह तकनीक उन लोगों के लिए मददगार होगी, जो सीधे बच्चा चाहते हैं।
रोबोट्स को बनाने के पीछे क्या मकसद
काइवा टेक्नोलॉजी के संस्थापक और सीईओ झांग किफेंग ने बताया कि यह रोबोट खास तौर पर उन महिलाओं के लिए बनाए जा रहे हैं, जो बच्चे तो चाहती हैं लेकिन प्रेग्नेंसी की प्रक्रिया से बचना चाहती हैं। झांग ने सिंगापुर की नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से 2014 में पीएचडी की है। उनकी कंपनी 2015 में गुआंगजौ प्रांत में शुरू हुई थी। इससे पहले यह कंपनी सर्विस और रिसेप्शन रोबोट बना चुकी है। अब कंपनी को उम्मीद है कि वह इस नए प्रोजेक्ट से एक नया कीर्तिमान स्थापित कर देगी।
क्या कह रहे हैं लोग
चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर इस खबर ने तहलका मचा दिया। जैसे ही ये खबर सामने आई, इसने 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज बटोरे। कई लोग इस तकनीक को सराहते हुए कह रहे हैं कि रोबोट उन लोगों के लिए वरदान हो सकता है, जो बच्चे पैदा नहीं कर सकते। लेकिन कुछ यूजर्स ने इस तकनीक की आलोचना की। उनका तर्क है कि यह तकनीक मां बनने और आइडेंटिटी से जुड़े कानूनी सवाल खड़े करती है। रोबोट बच्चा पैदा करेंगे तो मां में मातृत्व का भाव नहीं आएगा।







