नई दिल्ली। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सुप्रीम कोर्ट में राहत मिल गई है। कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मानहानि के मुकदमे वापस लेंगे।
एडवोकेट तन्खा ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि इस मुद्दे पर उनका चौहान से समझौता हो गया है। इसके तहत वो शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ आपराधिक मानहानि व सिविल सूट वापस ले रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इसे रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले का निस्तारण कर सुनवाई बंद कर दी। बता दें कि कांग्रेस सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वकील विवेक तन्खा ने शिवराज सिंह चौहान समेत तीन बीजेपी नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मुकदमे को रद्द कराने की मांग को लेकर पिछले दिनों शिवराज सिंह चौहान सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने शिवराज समेत तीनों नेताओं को निचली अदालत मे पेशी से छूट दे दी थी।
क्या था मामला
कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के अलावा वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह के खिलाफ भी मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। तन्खा का आरोप है कि इन तीनों नेताओं ने मीडिया मे उनके खिलाफ बयान देकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान विवेक तंखा ने स्पष्ट किया कि उनका चौहान के साथ समझौता हो गया है, जिसके बाद कोर्ट द्वारो मामले का निस्तारण कर दिया गया।







